उन्नाव। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोतीनगर में शनिवार की रात असलहों से लैस करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एटीएम बूथ लूटने के लिए धावा बोल दिया। सिक्योरिटी गार्ड ने बहादुरी दिखाई और जवाबी फायरिंग की।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास घरों के लोगों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो बदमाश भाग खड़े हुए। बैंक मैनेजर के मुताबिक एटीएम में चार से पांच लाख रुपये कैश था। धावा बोलने से पहले बदमाशों ने बैंक का बिजली कनेक्शन और सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए थे। सदर कोतवाली पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शहर के मोहल्ला मोतीनगर में स्थित हिंदुस्तान कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड (एचसीबीएल) की मुख्य शाखा से बने बैंक के एटीएम बूथ में शुक्रवार रात करीब दो बजे पांच-छह बदमाशों ने धावा बोला।
एटीएम बूथ के भीतर सो रहे सिक्योरिटी गार्ड रामकुमार प्रजापति निवासी हसवा मोहद्दीनपुर कोतवाली बांगरमऊ को एटीएम का शटर खोलने को कहा। सिक्योरिटी गार्ड ने शटर न खोलने की बात कही तो बदमाश गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगे और शटर तोड़ने का प्रयास करने लगे। गार्ड ने भी बदमाशों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया।
गार्ड के बराबर मोर्चा लेते देख बदमाशों ने एक फायर किया, जवाब में गार्ड रामकुमार ने भी शटर के नीचे से बंदूक की नाल निकाल कर जवाबी फायरिंग की। जवाबी फायरिंग से बदमाश सकते में आ गए। फायरिंग होने की आवाज सुनकर आसपास घरों के लोग निकल आए बदमाशों को घेराव करने लगे।
बदमाश सफेद रंग की बोलेरो में बैठकर भाग निकले। बदमाशों के भागने के बाद गार्ड ने बैंक मैनेजर अरुण कुमार सिंह और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश की तो पता चला कि वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने सीसी टीवी कैमरे के तार और बिजली कनेक्शन काट दिया था। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।