असोहा थाना क्षेत्र के गांव शिवगढ़ में खेत में मेड़ काटने के विवाद में पड़ोसियों ने फावड़े से वृद्ध को काट डाला। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीओ पुरवा सुशील कुमार गांव पहुंचे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। शिवगढ़ गांव के मजरा सेरवईया निवासी रामआसरे रावत (60) का गांव के ही रामसजीवन यादव से खेत की मेड़ काटने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। दस दिन पहले भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। शनिवार को रामआसरे खेत में पाटा लगाने गया था। पहले से अपने खेत में मौजूद रामसजीवन से कहासुनी शुरू हो गई। दोनों में विवाद इतना बढ़ा कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। रामसजीवन ने वृद्ध के सिर पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान रामआसरे खेत में ही गिर गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने मृतक के बेटे विनोद व प्रमोद को घटना की सूचना दी। इस पर वे खेत में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से राम आसरे को जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के बेटे विनोद की तहरीर पर पुलिस ने रामसजीवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।