असोहा थाना क्षेत्र के कालूखेड़ा कस्बे में शुक्रवार तड़के असलहों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने महिला प्रधान के घर धावा बोल दिया। वे जेवर नगदी चुराने के बाद भाग रहे थे कि गृहस्वामी (प्रधान पति) की नींद खुल गई। उन्होंने झपट कर बदमाशों को धर दबोचा। इस बीच बदमाश ने तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से प्रधान पति व उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पर एसपी, एएसपी समेत डाग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घर के नौकर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कालूखेड़ा गांव निवासी प्रेमशंकर दीक्षित (60) प्रतिष्ठित कारोबारी व बड़े ट्रांसपोर्टर हैं। उनकी पत्नी मंजू दीक्षित इसी गांव की प्रधान हैं।
शुक्रवार रात घर के सभी सदस्य अपने कमरों में सो रहे थे। बरामदे में नौकर सूरज सो रहा था। भोर पहर लगभग साढ़े तीन बजे छत का जाल काटकर दो नकाबपोश बदमाश अंदर घुसे। घर के बाहरी कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर बदमाश नगदी और जेवरात समेट कर निकलने लगे। खटपट की आवाज सुन प्रेमशंकर कमरे से बाहर आए। देखा तो दो नकाबपोश बदमाश कुछ सामान लिए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने बदमाशों को ललकारा। इस दौरान उनका बेटा बेटा उत्कर्ष उर्फ भोलू (20) एवं पत्नी मंजू भी मौके पर पहुंची।
सामान ले जाते देख प्रेमशंकर बदमाशों पर झपट पड़े । दूसरे बदमाश को उत्कर्ष ने भी पकड़ लिया। दोनों बदमाशों को काबू में करने के बाद प्रेमशंकर एक बदमाश को कमरे में बंद करने जा ही रहे थे तभी दूसरे बदमाश ने उत्कर्ष को गोली मार दी। उसके गिरते ही उसने प्रेमशंकर पर भी फायर झोंक दिया। बेटे व पति को खून से लथपथ देख पत्नी मंजू बदमाशों पर झपट पड़ी और एक बदमाश से तमंचा छीन लिया। लेकिन बदमाश भाग निकलने में सफल रहे।
इस बीच दूसरे कमरे में सो रही प्रेमशंकर के बड़े भाई रविशंकर की पत्नी कनकलता ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद कालूखेड़ा चौकी इंचार्ज योगेश दीक्षित मौके पर पहुंच जानकारी ली। शुक्रवार सुबह एसपी नेहा पांडेय मय फोर्स मौके पर पहुंची। डाग स्क्वायड पड़ोसी गांव भवलिया तक जाकर लौट आया।
पुलिस ने घटना स्थल से लोहे की राड के अलावा पेचकश, हथौड़ा व दो कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। वहीं फोरेंसिक टीम ने कई अहम साक्ष्य मौके से जुटाए हैं। सीओ सुशील कुमार ने लखनऊ ट्रामा सेंटर जाकर प्रेमशंकर से घटना की जानकारी ली। ग्राम प्रधान मंजू के अनुसार बदमाश लगभग डेढ़ लाख रुपये की नगदी व तीन सोने की चेन कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये उठा ले गए। असोहा एसओ जेएन सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।