अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। रोडवेज वर्कशाप लूटकांड मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। लापरवाही सामने आने पर आरएम ने हेड कैशियर को सस्पेंड कर दिया है। एआरएम को भी कार्रवाई के रडार पर लिया है। केंद्र प्रभारी, बुकिंग क्लर्क व लेखाकार के खिलाफ एमडी को रिपोर्ट भेजी है। इससे वर्कशाप स्टाफ में हड़कंप है।
रोडवेज वर्कशाप में चार दिन पहले हुई 23 लाख 60 हजार की लूट में वर्कशाप कर्मचारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज सक्सेना लूटकांड मामले की विभागीय जांच कर रहे हैं। आरएम ने जांच में हेड कैशियर अब्दुल मन्नान की लापरवाही सामने आने पर बुधवार को निलंबन की कार्रवाई कर दी।
वारदात के दौरान कैश काउंटर संभाल रहे बुकिंग क्लर्क दयाराम को भी दोषी पाया गया है। इसके अलावा केंद्र प्रभारी हरीओम व लेखाकार की विभागीय कार्यों में शिथिलता उजागर होने पर तीनों के खिलाफ प्रबंध निदेशक परिवहन निगम को बिंदुवार कार्रवाई रिपोर्ट भेजी गई है। आरएम की सख्त कार्रवाई से स्टाफ में अफरातफरी का माहौल है।
बुधवार को कार्यालय परिसर में सन्नाटे जैसा माहौल रहा। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने को राजी नहीं था। क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज सक्सेना ने बताया कि लापरवाही उजागर होने पर हेड कैशियर को निलंबित किया गया है। इसके अलावा बुकिंग क्लर्क, लेखाकार व केंद्र प्रभारी की लापरवाही मिली है। इसकी रिपोर्ट एमडी को भेजी है।
-------
इनसेट
डिप्टी सीओ की जांच में फंस रहे एआरएम
वर्कशाप लूटकांड की सघन जांच पुलिस के अलावा परिवहन विभाग के आला अधिकारियों ने भी शुरू कर दी है। पुलिस लुटेरों की तलाश में सर्च आपरेशन चला रही। वहीं विभागीय अधिकारी लापरवाह अधिकारी व कर्मचारियों को चिन्हित कर रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार सोमवार को परिवहन निगम के डिप्टी सीओ एमवी नाटू ने दो सदस्यीय टीम के साथ स्थलीय जांच की थी। जांच में कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए थे। इस दौरान एआरएम गौरव वर्मा की लापरवाही मिली थी। सूत्रों का दावा है कि मंगलवार को डिप्टी सीओ ने एआरएम की रिपोर्ट प्रबंध निदेशक को सौंप दी है।
----------
इनसेट
दयाराम का परिवार दहशत में
लुटेरों की मार खाने वाले बुकिंग क्लर्क जून माह में किदवई नगर डिपो से कंडक्टर पद से प्रमोट होकर बुकिंग क्लर्क बने थे। विभागीय कार्रवाई की जद में आए बुकिंग क्लर्क को मुख्यालय में ही रहने के आदेश दिए गए हैं। इसके चलते दयाराम मंगलवार को बहन के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। इस बारे में बताते हुए दयाराम रो पड़े। वहीं बुधवार दोपहर दयाराम से मिलने उनका परिवार वर्कशाप पहुंचा था। कार्रवाई की जानकारी से दयाराम के साथ ही उनके पारिवारिक सदस्य दहशत में हैं।
---------
इनसेट
नोटिस बोर्ड में अभी भी चल रहा सन 2016
17 दिन बाद सन 2017 समाप्त हो जाएगा। रोडवेज वर्कशाप के नोटिस बोर्ड के हिसाब से अभी सन 2016 ही चल रहा है। नोटिस बोर्ड पर कैमरे का फ्लैश चमकते ही कर्मचारी चौकन्ना हो गए। सभी की जुबां पर बस एक ही बात थी, रोडवेज वर्कशाप खामियों की पहचान बना हुआ है।
----------
इनसेट
खुलासे की राह देख रहे कर्मचारी
लूटकांड की वारदात के बाद से रोडवेज वर्कशाप के कर्मचारी दहशत में हैं। कर्मचारी लूटकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की राह देख रहे हैं। इससे कि असलियत सामने आ जाए।