माखी थानाक्षेत्र के गांव पूरानिस्फ पंसारी निवासी अशोक पाल (45) पुत्र स्व. महावीर प्रसाद गांव से दूध लाकर शहर में हर दिन बेचता था। दोपहर तक दूध बेचने के बाद शहर के सिविल लाइन मोहल्ला स्थिति स्कूल में रात में चौकीदारी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। रविवार को भी वह रात में चौकीदारी करने आया। सोमवार सुबह जब कर्मचारी स्कूल पहुंचे और चौकीदार का शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। स्कूल कर्मियों ने घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधक को देने के साथ ही मृतक अशोक के बड़े भाई राम सेवक को दी। राम सेवक भी शहर के ही एक पब्लिक स्कूल में काम करता है। भाई अशोक की मौत की खबर मिलने पर राम सेवक स्कूल पहुंचे और पुलिस चौकी प्रभारी को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पत्नी चंद्रावती के अलावा चार बच्चे हैं। इमसें बेटी संगीता का विवाह हो चुका है। बेटा अमित तीन साल पहले कुवैत चला गया। बेटियों में मोनिका व प्रियंका के अलावा अमित की अभी शादी होनी है। भाई रामसेवक ने बताया कि अशोक की किसी से दुश्मनी नहीं थी। परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया। कोतवाली प्रभारी आईपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।