सफीपुर कस्बे में किला बाजार निवासी अंजुम (45) पुत्र फिरोज आलम की लुटेरों ने शनिवार रात दुकान बंद कर घर जाते समय दुकान से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर चौमुखी चौराहे के निकट गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लुटेरे अंजुम के पास रहे लगभग दस लाख रूपये के जेवरात का बैग लूट ले गए थे। एसपी, सीओ के अलावा आस-पास के थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लुटेरों के पकड़ने के लिए रात भर वाहन चेकिंग के साथ ही कई संदिग्धों को भी उठाया लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग सका।
व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने देर रात ही सर्राफ व्यापारी अंजुम के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रात में ही पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार सुबह तक जब आरोपियों का सुराग पुलिस नहीं लगा पाई तो व्यापारियों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। बाजार में तालाबंदी कर व्यापारी सड़क पर उतर आए। व्यापारियों ने मौके पर एसडीएम पूजा अगिभनहोत्री को बुलाने के लिए फोन मिलाया लेकिन वह क्षेत्र में कहीं थीं। इसलिए उन्हें आने पर थोड़ा समय लग गया। इससे गुस्साए व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
............................
इनसेट
चौबीस घंटे में हो खुलासा नहीं हो होगा आंदोलन
क्षेत्र से वापस आने के बाद एसडीएम पूजा अगिभनहोत्री ने व्यापारियों को कार्यालय बुलाया। सफीपुर व्यापार मंडल के महामंत्री मुन्ना सेठ के साथ व्यापारी कार्यालय पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन दिया। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस अभी तक हत्यारोपियों को पकड़ नहीं पाई है। उन्हें पकड़ने के लिए चौबीस घंटे का समय दिया जा रहा है। यदि इसमें गिरफ्तारी नहीं होती तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
...........................
इनसेट
अपराधियों की लोकेशन तलाश रही पुलिस
सोना व्यापारी की की लूट के बाद हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस अभी हाल में छूट कर आए अपराधियों की लोकेशन तलाश रही है। पिछली लूट की घटनाओं में नामित लुटेरों के घर पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने रात में कई संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ भी शुरू की लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया है।
..........................
कड़ी सुरक्षा के बीच दफनाया गया शव
स्वर्ण व्यापारी अंजुम का शव कड़ी सुरक्षा के बीच दफनाया गया। शव यात्रा में एसडीएम पूजा अगिभनहोत्री के अलावा सफीपुर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हरिशरण लाला के अलावा कसबे के व्यापारी व रिश्तेदार शामिल रहे। सुरक्षा के मद्देनजर भारी मात्रा में फोर्स भी यात्रा में शामिल रहा।
.......................
पुलिस सुरक्षा व लाईसेंस दिलाने की मांग
एसडीएम पूजा अगिभनहोत्री से मिलने गए व्यापारियों का कहना था कि सर्राफ की दुकानों के पास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। पहले पुलिस तैनात रहती थी। अब उसे भी हटा दिया गया। इसके अलावा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाईसेंस दिलाए जाएं। एसडीएम ने व्यापारियों की मांगों का प्रार्थना पत्र डीएम व एसपी को प्रेषित कर दिया है।
........................
क्या बोले व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव का कहना है कि व्यापारियों के साथ हत्या, लूट, चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस इनका खुलासा करने में नाकाम साबित हो रही है। अगर खुलासा न हो तो व्यापारी धरना प्रदर्शन व आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
------------------
क्या बोेले अधिकारी
एसडीएम पूजा अगिभनहोत्री ने बताया कि शव को दफनाया गया है। व्यापारियों की जो भी मांगें हैं उससे संबंधित प्रार्थना पत्र उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। पुलिस भी खुलासे में लगी है।
सफीपुर कोतवाली प्रभारी हनुमंत पांडेय ने बताया कि अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।