चेन लूट का शिकार हुई अर्चना मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर के निकट बाइक सवार लुटेरों ने नर्स को निशाना बनाया और उसकी गले की चेन छीनकर भाग निकले। बाइक सवार लुटेरों का मोहल्ले के ही दो लड़कों ने पीछा किया तो लुटेरे डीएसएन कालेज के निकट रहने वाले गोविंद शुक्ला के घर के पास बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक कोतवाली लाई और पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
शहर के मोहल्ला आदर्श निवासी अर्चना मिश्रा पत्नी पंकज शहर के मोतीनगर स्थित अरबन हेल्थ सेंटर में नर्स के पद पर तैनात हैं। बुधवार शाम वह पैदल घर जा रहीं थी। उसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने गले में पड़ी चेन तोड़ कालेज रोड की ओर भाग निकले। महिला के चिल्लाने पर दो युवकों ने बाइक सवार लुटेरों का पीछा किया। पीछा होते देख लुटेरे डीएसएन कालेज की ओर आए और एक गली में बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची सौ नंबर पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।