कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर सुम्हारी ग्राम प्रधान संतोष पाल मंगलवार शाम पड़ोसी गांव नाथीखेड़ा में कार्यक्रम में गए थे। उनकी पत्नी पीछे कमरे में जबकि मां नीलम (65) आंगन में सोई थी। रात करीब 10 बजे वह कार्यक्रम से लौटे और सीधे अपने कमरे में जाकर सो गए। सुबह करीब सात बजे तक नीलम के नहीं उठने पर ग्राम प्रधान की पत्नी जगाने गई। इस दौरान वह बेहोश मिलीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इससे आशंका है कि बदमाशों ने पिटाई के बाद कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इस दौरान बगल के कमरे का दरवाजा खुला मिला और सामान इधर-उधर बिखरा था। दौड़ कर कमरे में गईं तो देखा आलमारी खुली है। जेवरात व नगदी गायब थी। आनन फानन में वृद्धा को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी तहरीर में 27 हजार पांच सौ की नगदी सहित करीब पांच लाख का सामान चोरी होने की बात कही है। माना जा रहा है कि रात में आए चोरों ने किसी चीज से वृद्धा को पीटा। वह चीख न पाए, इसलिए मुंह दबा दिया। बेहोश होने के बाद लूटपाट की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।