युवक की हत्या की आशंका पर रविवार को एसडीएम व पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। बिसरा व महत्वपूर्ण अंग सुरक्षित कर जांच को भेजे गए है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रहुआडीह निवासी राजेश (35) पुत्र चुन्नीलाल शहर के मोहल्ला छोटा चौराहा स्थित अतिक्रमण अभियान में मजदूरी कर रहा था। 7 जून की रात उसका शव सड़क किनारे मिला था। परिजनों स्वाभाविक मौत मानकर शव को परियर घाट पर दफना दिया था। दूसरे दिन मृतक की पत्नी सियादुलारी कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी। डीएम की अनुमति पर रविवार सुबह एससीएम प्रतिपाल सिंह, नायब तहसीलदार शशिविंद कुमार, सीओ वंदना सिंह, सीएचसी प्रभारी अजीत सिंह ने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में कब्र से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पैनल के डाक्टर जुबेर व डा. तेजवीर ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम सूत्रों की माने तो मृतक के शरीर पर डाक्टरों को कोई चोट का निशान नहीं मिला। हालांकि डॉक्टरों ने बिसरा, हार्ट, लीवर, नाखून और बाल सुरक्षित कर जांच को भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।