उन्नाव-पुरवा मार्ग पर तारनखेड़ा गांव के पास लोहिया बस चालक ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर से टेंपो चालक सीट से उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। तभी बस उसे रौंदते हुए निकल गई। चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। टक्कर मार कर भाग रहे बस चालक को मौरावां में पकड़ लिया गया। मृतक के भाई की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव लालाखेड़ा निवासी फतेहबहादुर सिंह (47) पुत्र कृष्णपाल सिंह मंगतखेड़ा से बुकिंग का सामान लेकर पुरवा आ रहा था। टेंपो में रमईखेड़ा निवासी पेठा कारोबारी रामशंकर का किराने का सामान लदा हुआ था। रामशंकर पुरवा जा रहा था। तारनखेड़ा गांव के पास उन्नाव से पुरवा जा रही लोहिया बस के चालक ने टेंपो को ओवरटेक किया। साइड न मिलने पर पीछे से टक्कर मार दी। फतेहबहादुर अपनी सीट से उछलकर सड़क पर जा गिरा। बस चालक उसे रौंदते हुए भाग निकला। सूचना मौरावां में पुलिस ने चालक को बस सहित पकड़ लिया। पिता कृष्णपाल ने बताया कि उसके हिस्सा में डेढ़ बीघे खेती है। टेंपो चलाकर ही परिवार का पालन पोषण करता था। पत्नी कुसुमलता के अलावा दो बच्चों में अभिषेक (13) व रिया (10) हैं। कोतवाली प्रभारी श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि चालक को मौरावां पुलिस ने पकड़ा था। बाद में उसे कोतवाली लाया गया। मृतक के भाई ऊधम सिंह की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।