आसीवन थानाक्षेत्र के कुलहा अटौरा गांव से 55 श्रद्धालुओं को लेकर बस मैहर जाने के लिए निकली थी। सफीपुर-मियागंज मार्ग पर निहालखेड़ा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे सफीपुर कोतवाली के देवगांव निवासी शैलेंद्र कुमार (18)पुत्र रामकुमार गौतम को टक्कर मार दी। बाइक से टकराने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। शैलेंद्र की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार रामचंद्र, रामबिलास, सरजू देवी, सुखरानी, सजीवन लाल, गजराज समेत डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। बस में सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर गांव वाले घटना भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तमाम कोशिशें कर खिड़कियों और दरवाजे से बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी हनुमान प्रसाद पांडेय ने एंबुलेंस से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मृतक शैलेंद्र के पिता रामकुमार गौतम ने बताया कि भतीजे पप्पू के बेटे का शुक्रवार को मुंडन संस्कार है। उसी में हलवाई का सामान लेने के लिए भैसहरा गया हुआ था। वापस लौटते समय हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। बताया कि शैलेंद्र दो भाईयों में बड़ा था।
मातम में बदलीं खुशियां
जिस घर में मुंडन संस्कार को लेकर खुशियों का माहौल था। वहां शैलेंद्र की मौत के बाद चीख की आवाजें सुनाई देने लगीं। जो रिस्तेदार मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे वह घटना स्थल पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चचेरे भाई पप्पू का रो-रो कर बुरा हाल था।