पुरवा में एक क्लीनिक का निरीक्षण करते एसीएमओ डा. तन्मय कक्कड़।
- फोटो : amarujala
पुरवा। झोलाछापों के खिलाफ मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के निर्देश पर एसीएमओ डा. तन्मय कक्कड़ ने 16 क्लीनिक पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान हाईस्कूल पास पांच लोग क्लीनिक चलाते मिले। एसीएमओ ने सभी के खिलाफ एफआईआर के लिए तहरीर दी है। छापेमारी के दौरान डिग्री होने के बाद भी न दिखा पाने पर आठ अन्य को नोटिस दिए गए।
एसडीएम पूजा ने पुरवा व मौरावां में बिना रजिस्ट्रेशन के लोगों का इलाज कर रहे डेढ़ दर्जन लोगों को चिह्नित किया था। एसडीएम के निर्देश पर मंगलवार को एसीएमओ ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान पुरवा में दुर्गा प्रसाद व मौरावां में मत्तूलाल, संजय, आकाश व एक अन्य झोलाछाप डिग्री नहीं दिखा सके। जानकारी पर यह हाईस्कूल पास निकले। बिना योग्यता व रजिस्ट्रेशन के इलाज करने पर एसीएमओ ने सभी के खिलाफ एफआईआर के लिए तहरीर दी। एसीएमओ डा. तन्मय कक्कड़ ने बताया कि आठ अन्य लोग ऐसे थे जो डिग्री नहीं दिखा सके। इन्हें तीन दिन के अंदर डिग्री दिखाने के लिए कहा गया। डिग्री न दिखा पाने पर इनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।