बीघापुर थाना क्षेत्र के घाटमपुर खुर्द गांव निवासी पूर्व प्रधान मनोज यादव (42) पुत्र प्रेमशंकर रविवार रात गांव के ही प्रदीप कुमार व पड़ोसी गांव अदनखेड़ा निवासी अयोध्या प्रसाद व उसके एक साथी के साथ अपने घर के बाहर अलाव ताप रहे थे। करीब आठ बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे और मनोज को इशारा देकर बुलाया। प्रदीप के पूछने पर दोनों युवकों को भगवंतनगर निवासी साथी बताया। मनोज जैसे ही मिलने आए दोनों युवक पास पहुंचे और सीने पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। लोग कुछ समझ पाते दोनों टेढ़ा गांव की ओर भाग निकले। गोली लगते ही मनोज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। परिजन आनन-फानन में मनोज को बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इस पर वे कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बीघापुर एसओ ब्रजमोहन फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल की जांच करने के साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक को चुनावी रंजिश में गोली मारी गई है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मनोज का किसी से जमीनी विवाद भी चल रहा था। एसओ ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। घटना की तफ्तीश की जा रही है। जांच और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ देर बाद एसपी नेहा पांडेय भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।