बस में फंसे तार को डंडे से हटाते ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते सोमवार को बारासगवर थानाक्षेत्र में बड़ी घटना होने से बच गई। ऊंचगांव चौराहे पर यात्रियों से भरी रोडवेज बस रुकने से पहले ही बिजली के तार से उलझ गई। शार्टसर्किट से तार में आग लग गई। यात्रियों में भगदड़ मच गई। सभी ने बस से कूदना शुरू कर दिया।
सोमवार सुबह 10.30 बजे भोजपुर से लालकुआं की ओर जा रही रायबरेली डिपो की रोडवेज बस का लगेज कैरियर ऊंचगांव चौराहे पर रुकने से पहले ही ऊपर से गुजरे विद्युत के तार में फंस गया। लाइन शार्ट हुई और आग लग गई। यह देख बाहर खड़े स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया। बस के अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जिसको जहां से जगह मिली वह वहां से बस से कूदकर जान बचाकर भागा।
इसी बीच कुछ यात्रियों को करंट के हल्के झटके भी लगे। स्थानीय लोग जब तक बांस व डंडे से केबल हटाते तब तक पोल में भी आग लग गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान पास ही स्थित पुलिस चौकी का स्टाफ भी देख रहा था लेकिन किसी ने भी यात्रियों को बचाने का प्रयास नहीं किया। घटना में किसी के घायल न होने को लेकर बस चालक, परिचालक व स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
इनसेट