नवाबगंज। अजगैन-मोहान मार्ग पर उसरहा मोड़ के निकट साइकिल सवार किशोरी तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। हादसे में किशोरी की घटनास्थल पर मौत हो गई। छोटा भाई घायल हो गया। हादसे की सूचना पर परिजन व पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही घायल बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बच्चे की हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया। गुस्साए लोग रोड जाम करने लगे। इन्हें पुलिस ने समझाकर शांत कराया।
अजगैन के मकूर निवासी कमलेश की बेटी प्रीती (17) छोटे भाई आकाश (10) के साथ साइकिल से खेत पर जा रही थी। उसरहा मोड़ के निकट तेज रफ्तार कार साइकिल में भिड़ गई। हादसे में प्रीती की घटनास्थल पर मौत हो गई।
आकाश घायल हो गया। पिता कमलेश ने बताया कि प्रीती सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। बेटी की मौत से मां सियादुलारी रो-रो कर बेहाल रहीं।