पारिवारिक कलह से ऊबे युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मगरवारा से उन्नाव स्टेशन के बीच शुक्रवार दोपहर एक युवक ट्रेन के आगे कूद गया। वहां मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी विभागीय अफसरों व सदर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के करीब आधे घंटे के बाद आरपीएफ व पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान उन्नाव के जुराखन खेड़ा निवासी संतोष कुमार (40) पुत्र रतनलाल के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी संतोष के परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने भी युवक की पहचान की। लोगों के अनुसार, मृतक पारिवारिक कलह के चलते काफी दिनों से परेशान चल रहा था। शुक्रवार को वह ट्रेन के आगे कूद गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।