चकलवंशी-संडीला मार्ग पर हादसे के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : amarujala
चकलवंशी। चकलवंशी-संडीला मार्ग पर आसीवन थानाक्षेत्र के महमूदपुर गांव के निकट साइकिल सवार किसान को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे किसान उछल कर दूर जा गिरा। किसान की घटना स्थल पर मौत हो गई। किसान को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे कार सवार मां-बेटी घायल हो गए। किसान की मौत से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस के साथ एसडीएम व तहसीलदार घटनास्थल पर पहुंचे। इन्होंने जाम लगाए लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। घायलों को मियागंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल कार सवार महिला बैंक कर्मी है।
आसीवन थानाक्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी भृगुराज सिंह(45) पुत्र स्व. मिहीलाल साइकिल पर बीज लादकर खेत की बुवाई करने जा रहे थे। चकलवंशी-संडीला मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार भृगुराज सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में भृगुराज सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बैंक ऑफ इंडिया रऊकरना में तैनात लखनऊ के जानकीपुरम निवासी चारू (29) पत्नी गौरव व इनकी बेटी घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। घायल चारू के पति गौरव भारतीय स्टेट बैंक शाखा मियागंज में क्लर्क हैं। पति-पत्नी साथ में ही आते थे।
पति मियागंज में उतर जाते थे। पत्नी कार लेकर रऊकरना आ जाती थीं। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर तुड़वाने के साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। हादसे की सूचना पर एसडीएम हसनगंज मनीष बंसल, तहसीलदार संतोष कुमार व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। जाम लगाए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायलों को मियागंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। भृगुराज के परिवार में पत्नी राजदेवी, बेटा भानुप्रताप सिंह, रूप्रेंद सिंह, बेटी श्रद्धा सिंह हैं। मृतक के पास लगभग आठ बीघा जमीन थी। वह खेती से ही परिवार चलाता था।
थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल मां-बेटे को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
-