लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के अंडर पास के पास हरदोई मार्ग पर जगटापुर गांव के पास मंगलवार सुबह सात बजे उधर से गुजर रहे मजदूरों ने प्लास्टिक के बोरे पड़े देखे। बोरों में कटे -फटे नोट देख भीड़ जुट गई। इन नोटों को मशीन से काटा गया है। लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दी। बांगरमऊ कोतवाली पुलिस और गंजमुरादाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज हसीब अहमद मौके पर पहुंचे और बोरों को टेंपो से बांगरमऊ कोतवाली पहुंचाया। इस बीच लोगों ने पुलिस को बिल्हौर मार्ग पर भी इस तरह की कटे-फटे नोट भरा एक बोरा पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने उस बोरे को भी कोतवाली भेजवाया। पुलिस ने घटना की सूचना दर्ज की है। अपर पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम ने बताया कि सड़क पर मिले सभी बोरों को कब्जे में ले लिया गया है। बताया कि रिजर्व बैंक कानपुर के साथ ही उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है। नोटों को कहां कटाकर रद्दी बनाया गया और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी तफ्तीश की जा रही है। डीएम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कटे-फटे नोट मिलें या नोटों की कतरन मिलने पर कार्रवाई को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं हैं। फिर भी पुलिस से रिपोर्ट मिलने पर उसे आरबीआई को भेजा जाएगा।