बारात में अगवानी के समय सुतली बम फोड़ते समय उससे निकली चिंगारी आतिशबाज के झोले में जा गिरी। तेज धमाका होने से अगवानी में शामिल एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वृद्ध समेत दो अन्य लोग भी मामूली रूप से झुुलस गए। गंभीर रूप से घायल बच्चे को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने आतिशबाज पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेथू निवासी छोटेलाल लोधी बैजू की पुत्री नीतू की सोमवार को बारात आई थी।
अगवानी के दौरान आतिशबाज गोवर्धन निवासी अजीतखेड़ा बिहार सड़क पर सुतली बम फोड़ने लगा। सुतली बम से निकली चिंगारी दूर रखे आतिशबाज के झोले में जा गिरी। जिससे तेज धमाका हो गया। अगवानी में शामिल सलेथू गांव निवासी छोटेलाल का 10 वर्षीय पुत्र शुभम बारूद की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
इसके अलावा एक वृद्ध समेत दो अन्य लोग भी मामूली रूप से झुलस गए। बच्चे की हालत नाजुक देख उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। बच्चे की मां ने आतिशबाज गोवर्धन के विरुद्ध तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसओ श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि आतिशबाज पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।