हसनगंज थाना क्षेत्र के खानपुर पीरअली गांव निवासी बृजेंद्र कुमार वर्मा (50) हसनगंज तहसील में वकील थे। वह लखनऊ के बुद्धेश्वर स्थित पिंकसिटी में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते थे। बुधवार सुबह लखनऊ से हसनगंज कचहरी बाइक से जा रहे थे। पाराथाना क्षेत्र के हरदुईया मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने बृजेंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रामासेंटर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बृजेंद्र वर्तमान में हसनगंज तहसील अधिवक्ता संघ में कोषाध्यक्ष भी थे। मृतक की पत्नी बिट्टो देवी के अलावा चार बेटियां व एक बेटा है। हसनगंज एसओ प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया घटनास्थल लखनऊ का है। इसलिए यहां कोई जानकारी नहीं है।
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार घायल
बीघापुर (उन्नाव)। बारा थानाक्षेत्र के नंदुलनखेड़ा निवासी नीरज रावत पुत्र मुन्ना बाइक से बीघापुर की ओर से आ रहे थे। बैसवारा डिग्री कालेज के निकट सामने से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल को जिला चिकित्सालय रेफ र कर दिया गया। दुर्घटना का कारण स्कूल से आ रहे बच्चों को बचाना बताया जा रहा है।