औरास। विसवल गांव में चोरों ने शुक्रवार रात में पांच घरों में हाथ साफ कर दिया। कपड़ा व्यापारी समेत पांच घरों से चोर लगभग दस लाख रुपये का माल उठा ले गए। शनिवार सुबह पीड़ितों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
औरास थाना क्षेत्र के विसवल गांव निवासी रामप्रसाद कपड़ा व्यापारी हैं। वह मेला में दुकान लगाते है। शुक्रवार रात घर में बहू आरती व पत्नी सो रही थी। रामप्रसाद गौरियाकला में दुकान के सिलसिले में गया था। शुक्रवार रात चोर कुंडी तोड़ घर में दाखिल हो गए। जहां अलमारी व बक्से में रखे बहू के जेवर व पचास हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने गांव में ही गेेंदेलाल के घर को निशाना बनाया। चोर घर की दीवार फांद अंदर दाखिल हुए। चोर घर से 50 हजार रुपये लेकर भाग निकले। गेंदेलाल ने बताया कि वह पत्नी सुमन के साथ एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गया था। चोर घर से बेटी ज्योति के जेवर और बेटी रुचि के तिलक के लिए रखे 50 हजार रुपये उठा ले गए। पड़ोस में ही रहने वाले श्यामलाल के घर से चोरों ने बर्तन पार कर दिए। जबकि श्रीराम के घर से 3500 रुपये व रामसिंह के घर से दो मोबाइल पार कर दिए। सुबह सभी को चोरी होने की जानकारी हुई। गांव में एक साथ पांच घरों में चोरी की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे हल्का दरोगा रामशंकर सिंह ने जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष संजीव कुमार यादव ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तिलक में चढ़ाने के लिए रुपये उठा ले गए चोर
औरास के विसवल गांव निवासी गेंदेलाल के घर से चोर तिलक में चढ़ाने के लिए रखे गए रुपये उठा ले गए। गेंदेलाल के अनुसार 11 मार्च को उसकी बेटी रचि का तिलक है। उसने फसल बेंच 50 हजार रुपये जोड़े थे। 14 मार्च को बेटी की शादी होनी है। शादी से पहले नगदी व जेवर चोरी होने से वह टूट गया।
दो बंद घरों को चोरों ने बनाया निशाना
चकलवंशी। माखी थानाक्षेत्र के गिरिंद्र खेड़ा में चोरों ने दो बंद घरों से लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
माखी के गिरिंद्र खेड़ा निवासी रामऔतार ने बताया कि 17 मार्च को उनकी बेटी राधा की शादी होनी है। बेटी की शादी के लिए उसने जेवर आदि खरीदकर घर में रख दिए थे। खरीदारी करने के बाद वह नौकरी के लिए चंडीगढ़ चला गया था। शुक्रवार को पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। वह वापस जब घर पहुंचा तो कीमती सामान गायब देखा। चोरों ने अस्सी हजार रुपये के जेवर व बीस हजार रुपये चोरी कर लिए थे। चोरों ने गांव के ही कृष्णपाल के सूने घर से पचास हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार रात कृष्णपाल एक शादी में शामिल होने परिजनों के साथ गए हुए थे।
-औरास के विसवल गांव में एक ही रात में पांच घरों को चोरों ने बनाया निशाना