पुरानी रंजिश में झोंका फायर, छर्रे लगने से दो घायल
फतेहपुर चौरासी। लड़की को भगाने के आरोपियों पर पिता-पुत्र ने फायर झोंक दिया। छर्रे लगने से दो युवक घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां एक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर दिया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने थाने में 25 जनवरी को अज्ञात लोगों के खिलाफ बेटी को भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बीच 8 फरवरी को उसने गांव निवासी दान सिंह व उसके बहनोई काशी को नामित करते हुए तहरीर दी। दान सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। शनिवार देर रात दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।
जहां लड़की के पिता, चाचा व भाई ने लड़की को भगाने के आरोपी दान सिंह व रिश्ते के भाई मुनेंद्र पर तमंचे से फायर झोंक दिया। इस दौरान छर्रे लगने से दोनों घायल हो गए। गोली चलाने के बाद आरोपी भाग निकले। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। गोलीकांड की सूचना पर डायल 100 व थाना प्रभारी सियाराम मौके पर पहुंच गए। हालांकि तब तक परिजन घायलों को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए थे। यहां डॉक्टरों ने मुनेंद्र सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दान सिंह का बांगरमऊ में उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी सियाराम ने बताया कि उन्हें घटनास्थल पर कोई आरोपी नहीं मिला है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर भी नहीं मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है।
- लड़की को भगाने के आरोप में घायल युवकों पर दर्ज है मुकदमा, लड़की के पिता व भाई ने मारी गोली
अमर उजाला ब्यूरो