अमर उजाला ब्यूरो
पुरवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव तौरा निवासी महिला ने ससुरालीजनों पर प्रताड़ित करने व मारपीट में सात माह के गर्भस्थ शिशु की मौत होने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तौरा गांव निवासी सीमा का कहना है कि तीन साल पहले उसका विवाह महफूज के साथ हुआ था। शादी के बाद से दहेज के लिए ससुरालीजन प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता ने मौरावां निवासी पिता रहीस खां को प्रताड़ना की बात बताई। इस पर पिता उसे घर लेकर चला गया था।
करीब एक पखवारा पहले पति उसे मायके से ससुराल ले आया। आरोप है कि 25 जुलाई को पति महफूज ने पत्नी सीमा की लाठियों से पिटाई कर दी। सात माह की गर्भवती सीमा के गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचा पिता रहीस खां बेटी को मायके ले गया और इलाज कराया। सीमा की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास व ननद के खिलाफ मारपीट व गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-पीड़िता ने पति, सास व ननद के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
-पांच दिन पहले की थी पिटाई, इलाज कराने के बाद पत्नी ने दी तहरीर