अमर उजाला ब्यूरो
चकलवंशी। माखी थाना क्षेत्र के रऊ करना में दस माह पूर्व संदिग्ध हालात में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मृतक युवक की बहन व बहनोई पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
माखी थाना क्षेत्र के रऊकरना निवासी विजय रावत गांव में अकेले रहता था। 13 अक्तूबर 2017 को उसका शव घर में फंदे से लटकता मिला था। कानपुर के गीता नगर काकादेव निवासी बुआ बिट्टी देवी पत्नी गंगा प्रसाद ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। हालांकि पुलिस ने कोई कार्र्रवाई नहीं की थी। इस पर बुआ ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट ने माखी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। थना प्रभारी जावेद अख्तर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मृतक विजय रावत के बहनोई संजय और बहन शालू पर संपत्ति के लालच में हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
-दस माह पूर्व युवक की संदिग्ध हालात में हुई थी मौत
-कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट