अधेड़ को पीटा, गला दबाकर मार डाला
उन्नाव। रिश्तेदार से मिलकर बेेटे के साथ लौट रहे अधेड़ की रास्ते में हत्या कर दी गई। बेटे ने परिवार के ही पांच लोगों पर जमीन का मुकदमा हारने की रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के छड़उवा खेड़ा के मजरे बलाई निवासी रामकिशन मल्लाह (47) पुत्र चिरंजीव बेटे सूरज के साथ बाइक से शनिवार दोपहर शुक्लागंज में रहने वाले रिश्तेदार के यहां गए थे। रात करीब दस बजे लौटते समय गंगाघाट थानाक्षेत्र के धनइया खेड़ा गांव के पास बेटा पेशाब करने लगा। इन्होंने बताया कि इसी बीच गांव के करीब पांच लोग मौके पर आए। यह पिता से मारपीट करने लगे। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। वह डर से पास में ही छुप गया था।
बेटे ने बताया कि आरोपी लोगों के जाने के बाद पिता की मौत की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर अचलगंज थानाध्यक्ष अनिल सिंह और बीघापुर थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा फोर्स के साथ छड़ऊवा खेड़ा गांव पहुंचे। मृतक के बेटे सूरज ने पुलिस को बताया कि परिवार के ही पांच लोगों से पिता का 27 बीघा जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा था। तीन दिन पहले ही पिता के पक्ष में फैसला हुआ था। राजस्व टीम ने जमीन का कब्जा भी दिला दिया था। उसके मुताबिक विरोधी पक्ष ने मुकदमा हारने की रंजिश में उसके पिता की हत्या कर दी है।
अचलगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के दाहिने पैर व चेहरे पर हल्की चोटेें हैं। एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि परिवार के लोगों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- बेटे के साथ बाइक से शुक्लागंज लौटते समय हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो