गदनखेड़ा में सरकारी भूमि की निशानदेही करती राजस्व टीम।
- फोटो : amarujala
उन्नाव। भूमाफियाओं और कब्जेदारों के खिलाफ अभियान में राजस्व विभाग ने नगर पालिका क्षेत्र में तालाब पाटकर कब्जा की गई आठ बीघा जमीन मुक्त कराई। अस्थायी कब्जों पर बुलडोजर चलाने के साथ ही तालाब पाटकर बनाए गए 38 भवन स्वामियों के खिलाफ बेदखली का मुकदमा दर्ज कराया गया।
नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर कब्जा कर भूमाफिया प्लाटिंग कर रहे हैं। कहीं लोगों ने सरकारी जमीनों पर मकान बना लिए। डीएम रविकुमार एनजी ने अभियान चलाकर सरकारी जमीन खाली कराने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत गुरुवार को नगर पालिका ईओ एसके मिश्रा, नायब तहसीलदार सुदीप तिवारी, लेखपाल सुनील सिंह, फूलचंद्र रावत और शांतिस्वरूप ने नगर पालिका क्षेत्र के गदनखेड़ा में तालाब की जमीन के कब्जों पर बुलडोजर चलवा दिया।
यहां एक भूमाफिया करीब एक बीघा जमीन पर दीवार बनाकर प्लाटिंग करा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने उसका पता लगाने का प्रयास किया तो वह सामने नहीं आया। न ही किसी ने नाम बताया। इसके अलावा 82 अन्य अस्थायी कब्जों को हटाकर आठ बीघा जमीन खाली कराई गई। सरकारी तालाब की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए 38 भवन स्वामियों के खिलाफ बेदखली का मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध का प्रयास किया, उनकी एक नहीं चली। नायब तहसीलदार सुदीप तिवारी ने बताया कि तालाब और उसके आसपास की 12 बीघा सरकारी जमीन की पैमाइश कर कब्जा मुक्त कराकर निशानदेही करा दी गई है।