नवाबगंज। गांव जैतीपुर निवासी युवती ने ट्रेेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पिता ने पुलिस को बेटी के बीमारी के चलते आत्महत्या करने की तहरीर दी है।
जैतीपुर गांव निवासी बृजेश विश्वकर्मा की बेटी सोनम (18) शनिवार सुबह बिना बताए घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसका शव गांव के बाहर रेलवे लाइन किनारे मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। बेटी की मौत की सूचना पर पहुंचे पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी को दौरा आता था। उसका इलाज भी लखनऊ मे चल रहा था। काफी इलाज के बाद सही न होने पर उसने यह कदम उठाया। पिता के मुताबिक 16 नवंबर 2019 को बेटे विशाल की भी ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद चार बेटियां थीं। इसमें मृतका सोनम तीसरे नंबर की थी। बेटी की मौत से मां केतकी व अन्य परिजन रोकर बेहाल रहे। सोहरामऊ एसओ अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि परिजनों ने दौरे की बीमारी से परेशान होकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या की तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।