उन्नाव। नगरीय सुविधा दिवस में जिलाधिकारी शिकायतें सुनने पहुंचे तो आम लोगों से ज्यादा सभासद नगर पालिका की कार्यप्रणाली से परेशान दिखे। आमजन ने छह और सभासदों ने 15 शिकायतें दर्ज कराईं। कुल शिकायतों में निस्तारण एक का भी नहीं हुआ।
नगर पालिका में मंगलवार को पहला नगरीय सुविधा दिवस आयोजित किया गया। डीएम, एसडीएम और नगर पालिका सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पहली शिकायत वार्ड नंबर एक की सभासद किरण ने दर्ज कराई। उन्होंने वार्ड में तालाबों को पाटकर अवैध कब्जा कर लिए जाने और इससे जल निकासी की समस्या होने की बात बताई। उन्होंने तालाब की जमीन का चिह्नांकन कर कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
लोकईया खेड़ा वार्ड के सभासद ओमेंद्र प्रताप सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि अमृत योजना के तहत उनके वार्ड में भूमिगत पाइप डालने के लिए सड़कें खोदी गईं लेकिन महीने बाद भी मरम्मत नहीं की गई। जलभराव और गंदगी है। लोगों को आवागम में परेशानी हो रही है। रोज कई स्कूली बच्चे फिसल कर गिर जाते हैं। सफाई न होने से संबंधित चार, राजस्व से संबंधित एक, जल निगम से संबंधित पांच, गृहकर की एक, डूडा आवास से संबंधित एक और नगर निर्माण विभाग से संबंधित नौ शिकायतें पहुंचीं। शिकायतकर्ता को दी गई रजिस्ट्रेशन पर्ची में समस्या निस्तारित करने का समय या तारीख नहीं लिखी गई। इससे लोगों में नाराजगी दिखी। डीएम गौरांग राठी ने शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
बोले लोग
किशोरी खेड़ा के अंशू बाजपेई ने बताया कि मोहल्ले की सड़क जर्जर है। हल्की बारिश में ही रास्ते पर जलभराव हो जाता है। इससे आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायतें कीं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसी मोहल्ले के लक्ष्मी नारायण ने बताया कि उनके घर के सामने लगा हैंडपंप खराब है। एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ।
बोले जिम्मेदार
नगरीय सुविधा दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की कोई निश्चत तारीख या समय सीमा तय नहीं है। सभी का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। सफाई, जलभराव जैसी समस्याओं को 24 घंटे में निस्तारित किया जाएगा। मरम्मत या निर्माण कार्य भी प्राथमिकता पर कराया जाएगा।
- संजय कुमार गौतम, ईओ नगर पालिका उन्नाव