उन्नाव। जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर विधानसभा अध्यक्ष पर कथित रूप से राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल को तहरीर दी है। कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। कोतवाल ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान आशुतोष मिश्रा, जंग बहादुर सिंह, ओमकांत पांडेय, नसीम खान, सैयद सैफ आदि मौजूद रहे। उधर, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा। कहा कि शनिवार को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के कारण संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह के भीतर राष्ट्रगान प्रारंभ हुआ, जहां हमारी उपस्थिति नहीं थी। ये दोनों कार्यक्रम पूर्णत: अलग थे। परंतु सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानों राष्ट्रगान के समय हम रुके नहीं। (संवाद)