बांगरमऊ। युवती से छेड़छाड़ और मारपीट की घटना में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने के बजाय आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। मजिस्ट्रेट न्यायालय से उसी दिन जमानत के बाद वह गांव पहुंचा और फिर से युवती को परेशान करने लगा। पीड़िता ने सख्त कार्रवाई न होने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत की बात कही, तब पुलिस ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह कोचिंग पढ़ा कर अपना और परिवार का भरण पोषण करती है। कोचिंग आजे-जाते समय मुन्नू मियां तलैया निवासी इमरान रास्ते में उसे परेशान करता है। 23 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे वह नानामऊ मार्ग पर कोचिंग जा रही थी। इमरान ने पीछा किया और छेड़छाड़ व अश्लील बातें कीं। कृष्णलीला मैदान के पास साइकिल में टक्कर मारकर गिराया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज करने के बजाए आरोपी इमरान का शांतिभंग में चालान कर दिया। मजिस्ट्रेट न्यायालय से उसी दिन जमानत मिल गई। इसके बाद वह फिर परेशान करने लगा। पीड़िता के घर में कोई कमाने वाला न होने से उसका घर से निकलना जरूरी था, लेकिन युवक की हरकतों से उसका आना-जाना मुश्किल हो गया। इससे वह मानसिक परेशान हो गई।
पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तो मामला बढ़ता देख पुलिस ने रविवार को आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी। वह अभी तक नहीं मिला है। पुलिस ने उसके एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए उठाया लेकिन बीमारी की बात कहकर उसे भी छोड़ दिया। कोतवाल राजकुमार ने बताया कि पीड़िता ने पहले परेशान करने की बात बताई थी, इस पर शांतिभंग में चालान किया गया था। जब अभद्रता की बात बताई तो छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा जाएगा।