औरास। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर दुर्घटना में घायल महिला की मौत के बाद मृतका के पति ने बाइक नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
औरास कस्बे के मोहल्ला बरूवा टोला (अटल नगर) निवासी विजय कुमार 11 फरवरी को पत्नी रेशमा (42) के साथ बाइक से हरदोई के संडीला कस्बा कपड़ों की खरीदारी करने गया था। शाम को लौटते समय औरास कस्बे से पहले तेज रफ्तार बाइक सवार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक बाइक छोड़कर भाग गया था।
हादसे में घायल रेशमा की लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 16 फरवरी को सुबह 10 बजे मौत हो गई थी। पति की तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शनिवार को पति की तहरीर पर बाइक नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रेखा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।