संवाद न्यूज एजेंसी
बीघापुर। शारदा नहर से निकली मैनहा माइनर में पानी का बहाव न होने से वह उफना गई। इससे 50 बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसानों का कहना है कि ठीक से सफाई न होने से पानी छोर तक नहीं पहुंचा, इससे नहर उफना गई है।
शारदा नहर की मुख्य ब्रांच से निकली मैनहा माइनर के पानी से सदर तहसील क्षेत्र के गांव कठार, रैथाना रानीपुर,रुझेई के किसान अपनी फसलों की सिंचाई करते हैं। बुधवार रात नहर उफनाने से पानी खेतों में भर गया। करीब 50 बीघा में बोई गई गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। रूझेई निवासी किसान सुशील पटेल ने बताया कि दो दिन पहले गेहूं की सिंचाई की थी लेकिन नहर उफनाने से फसल फिर जलमग्न हो गई है।
किसान राम किशन, राम दुलारे ,शिवसेवक व रामविलास ने बताया कि मुख्य शारदा नहर से निकली मैनहा माइनर से पानी आता है। बहाव तेज होने से पानी ओवरफ्लो होकर फसल में भर गया। बताया कि पानी ज्यादा दिन भरा रहा तो फसल सड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। एक्सईएन शैलेश कुमार ने बताया कि नहर उफनाने की जानकारी हुई है, इसके कारणों का पता लगाकर सुधार कराया जाएगा।