ओवर लोड वाहनों के खिलाफ चला अभियान
21 डंपर व ट्रक सीज, लगा 9.21 लाख जुर्माना
कई की नंबर प्लेट में लगी थी कालिख, किसी में लगी ही नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ खनन अधिकारियों ने शनिवार को अभियान चलाया। इस दौरान कई वाहन चालकों ने नंबर प्लेट पर कालिख पोत रखी थी, तो कई चालकों ने नंबर प्लेट खोलकर भीतर रखी थी। 21 वाहनों को सीज करते हुए उनपर 9.21 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।
डीएम अपूर्वा दुबे के निर्देश पर शनिवार को खनन विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों ने खनिज लदे ओवर लोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान मोहान कस्बा के पास पेट्रोल पंप, हसनगंज में ढाबों सहित अन्य मार्गों पर वाहनों की चेकिंग की गई। जिला खनन अधिकारी अनंत कुमार सिंह, निरीक्षक प्रांजुल सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने दिनभर चलाए गए अभियान में गिट्टी, मौरंग, बालू व अन्य माल लदे कुल 21 ओवरलोड डंपर पकड़े। चालान से बचने के लिए जिन वाहन चालकों ने वाहन की रजिस्ट्रेशन नंबर पर कालिक या मिट्टी लगाकर छिपा रखा था या नंबर प्लेट नहीं लगाई थी उनके खिलाफ एआरटीओ के माध्यम से भी जुर्माना और रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट अरुण मणि तिवारी ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।