गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात 12 बजे घने कोहरे के दौरान ओवरटेक करते आगरा की तरफ जा रही निजी स्लीपर बस पीछे से कंटेनर में टकरा गई।
इसी दौरान पीछे से चल रही दो प्राइवेट और दो कारें टकरा गईं। हादसे में गोंडा जिला निवासी एक बस यात्री की मौत हो गई। जबकि सवार 25 लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू टीम ने सभी को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया। बाद में 12 लोगों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेस्क्यू टीम और बांगरमऊ पुलिस ने चार घंटे मशक्कत लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
गोंडा जिले से 75 सवारियों को लेकर जयपुर जा रही स्लीपर बस मंगलवार रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली के हैबतपुर गांव के सामने हवाई पट्टी पर आगे चल रहे कंटेनर को ओवरटेक करते समय उसमें पीछे से टकरा गई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही रेस्क्यूट टीम और पीआरवी पहुंची ही थी कि तभी गोरखपुर से 58 सवारियां लेकर दिल्ली जा रही और उसके पीछे लखनऊ से 84 सवारियां लेकर दिल्ली जा रही बस भी एक के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस से टकरा गईं।
रेस्क्यू टीम मार्ग संकेतक और बैरियर लगा ही रही थी तभी आगरा की ओर जा रही दो कारें भी क्षतिग्रस्त बसों में भिड़ गईं। एक के बाद एक तीन बसों और दो कारों के टकराने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बांगरमऊ कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि तीन बस, दो कार टकराए थे। जिसमें 24 सवारी घायल हुई थीं। 12 घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। रात में ही क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया गया है।
गोंडा से जयपुर जा रही बस में मृतक व घायल
हादसे में गोंडा से राजस्थान जा रही बस में सवार गोंडा जिले के थाना धोहावाराय के गांव कंदलपुरवा निवासी विजय सिंह (30) पुत्र करिया सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गोंडा के खरगूपुर निवासी मेहराज (18), खरगूपुर के रमजान का पुत्र शहजाद (3), शाकिर का पुत्र सुहेल (17), इसी जिले के गोड़ियन पुरवा के रामकुमार (40) के अलावा अयोध्या के थाना मितलीपुर के गांव करमडंडा के सगीर का पुत्र अदनान (18), राजस्थान के दौसा गांव निवासी हरिप्रसाद सैनी (35), गोंडा के थाना कटरा के अशोकपुर के आशाराम (44), कारियनपुरवा की महरून निशा (33) पत्नी निसार अहमद, थाना कौड़िया के मायापुरवा निवासी सफर अली (30), पहाड़पुरवा के मुकेश दुबे (40), कोथान निवासी आरती (35) को गंभीर चोटें होने से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
खिड़कियों से कूदे यात्री, मची अफरा तफरी
लंबी दूरी की बसें होने से अधिकतर यात्री उसी में सो रहे थे। तीन बसों के साथ दो कारें आगे पीछे लगातार टकराने से यात्री दहशत में आ गए और बसों के शीशे तोड़कर फांदने लगे। जो जैसे पाया बस से कूदने लगा। इससे एक्सप्रेसवे पर अफरार तफरी मच गई। पुलिस ने लखनऊ की ओर से वाहनों की रफ्तार धीमी करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई। दहशतजुदा यात्रियों को सडक़ से हटवाकर उन्हें किनारे बिठाया। घायलों को उपचार के लिए भेजने के बाद के्रन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाना शुरू किया। इस दौरान करीब चार घंटे का समय लगा। भोरपहर करीब पांच बजे यातायात पूरी तरह से सामान्य हो पाया।
एयरबैग खुलने से बची कार सवारों की जान
हादसे में दो कारें भी दुर्घटनाग्रस्त हुईं। कार सवार लोगों के शीट बेल्ट लगाए होने से दोनों कारों के एयरबैग खुल गए। इससे कार में बैठे सभी लोगों की जान बच गई। कार सवार लोग गंजमुरादाबाद और दूसरे कार सवार लोग दिल्ली के रहने वाले थे। सभी बाल बाल बच गए।
पुलिस के साथ आसपास के लोगों ने भी की मदद
घटना के बाद मची अफरा तफरी के बीच एक्सप्रेसवे के पास के हैबतपुर और नसिरापुर गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से सभी घायलों को फतेहपुर चौरासी, बांगरमऊ, गंजमुराबाद और औरास स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। रेस्क्यू तक ग्रामीणों ने मदद की।