संवाद न्यूज एजेंसी
पाटन। बिहार थाना क्षेत्र के पकराखुर्द गांव निवासी युवक ने बहनों पर मां की जमीन की रजिस्ट्री कराने के तीसरे दिन उन्हें जान से मारने का आरोप लगाया है। युवक ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। वहीं एसओ का कहना है कि वृद्धा की मौत की उन्हें सूचना नहीं मिली है।
बिहार थानाक्षेत्र के गांव पकरा खुर्द निवासी रामप्रकाश ने एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना को प्रार्थना पत्र देकर बहनों पर बुजुर्ग मां की हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि विवाहित बहनों ने बदहवास मां सियावती की जमीन की एक व्यक्ति के नाम 24 जुलाई सोमवार को बीघापुर रजिस्ट्री कार्यालय में जबरन बैनामा करा दिया। आरोप है कि रकम मिलने के बाद बुधवार को मां सियावती की रहस्यमय हालात में मौत हो गई। रामप्रकाश का आरोप है कि अपने साथ मां को रख रहीं बहनों ने ही उनकी हत्या कर दी है।
आरोप लगाया कि बहन और उनके परिवार को लोग मां के पास उसे जाने भी नहीं दे रहे हैं। पीड़ित ने मां के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। मालूम हो कि बेटियों के साथ रह रही वृद्धा की जमीन की रजिस्ट्री कराने को लेकर कई बार तहसील में विवाद हो चुका था। 22 जुलाई को भी भाई-बहनों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया था। लेकिन मृतका के बेटे रामप्रकाश को पुलिस ने तब तक हिरासत में रखा जबतक 24 जुलाई सोमवार को जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो गई। मामले में बिहार थाना पुलिस ने मृतक की बहू और उसकी बहन का भी शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया था। बिहार थाना प्रभारी संदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि वृद्धा की मौत होने की जानकारी नहीं है। बताया कि वृद्धा काफी बीमार थी। वह बेटियों के पास रहकर अपनी जमीन बेचकर खुद का इलाज करा रही थी। बताया कि वृद्धा की मौत की जानकारी की जा रही है। पुष्टि होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वेल्डिंग करते समय कपड़ों में लगी आग, युवक झुलसा
बीघापुर। कस्बा के नागेश्वर मार्ग पर स्थित हार्डवेयर की दुकान में कोतवाली क्षेत्र के ही पाहीहरदो गांव निवासी शमशाद उर्फ छोटू वेल्डिंग का काम करता है। बुधवार को वेल्डिंग करते समय कपड़ों में आग लगने से वह झुलस गया। वह दुकान से बाहर भागा तो पेट्रोलिंग कर रही थाना पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
(संवाद)