परियर। देवीपुरवा-पनपथा मार्ग पर बनी पुलिया के दो पिलर दरक गए हैं। इससे पुलिया का बीच का हिस्सा झुक गया है। गंगा नदी की उपधारा पर बनी इस पुलिया से आवागमन खतरों भरा हो गया है।
सदर तहसील क्षेत्र के देवीपुरवा गांव से पनपथा को जोड़ने वाली पुलिया का निर्माण विधायक निधि से वर्ष 2017-18 में हुआ था। पुलिया पनपथा गांव के बाहर से निकली गंगा नदी की उपधारा पर बनी है। महज छह साल में पुलिया के बीच के दो पिलर पानी के तेज बहाव के दरक गए हैं। इससे पुलिया की स्लैब के बीच का हिस्सा झुक गया है। परियर, मानाबंगला, देवीपुरवा, जुड़ापुरवा आदि गांव के लोग आवागमन करते हैं। ग्रामीण जान जोखिम में डाल कर आवागमन कर रहे हैं। सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि पुलिया की जानकारी नहीं है। जल्द निरीक्षण कराकर मरम्मत कराई जाएगी।