सोनिक। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दही थानाक्षेत्र के वर्कशॉप मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार व्यापारी की मौत हो गई। वह लखनऊ का रहने वाला था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
लखनऊ के थाना आलमबाग के चंद्रनगर मोहल्ला की रिफ्यूजी कालोनी निवासी गगनजोत सिंह कोहली (40) लखनऊ और कानपुर की दुकानों में कोल्डड्रिंक की सप्लाई करते थे। बुधवार शाम पांच बजे वह व्यापार के सिलसिले में कानपुर आए थे। लौटते समय रात 11 बजे कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दही थानाक्षेत्र के रोडवेज वर्कशाप मोड़ के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गए।
पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के चाचा महेंद्र सिंह ने बताया कि गगनजोत के पिता की 20 साल पहले मौत हो गई थी। गगनजीत पर मां चरनजीत कौर और बहन परिवंदर की जिम्मेदारी थी। अभी उसने अपनी शादी नहीं की थी। बेटे की मौत से मां और बहन सदमे में हैं। एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। हादसा करने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है।