फोटो-6-मृतक सुमित कटियार की फाइल फोटो।
फोटो-7 -घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।
हरदोई-उन्नाव मार्ग पर गाजीखेड़ा गांव के पास गुरुवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर चौरासी। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर गाजीखेड़ा गांव के सामने तेज रफ्तार बाइक सवार के पेड़ से टकराकर युवक रात भर सड़क किनारे झाड़ी में गिर गया। कोहरा और ठंड होने से रात भर पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी। हादसे के वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना अरौल के गांव हिंदूपुर निवासी शिवसागर कटियार का पुत्र सुमित (25) ठेके पर खेत लेकर आलू की खेती करता था। उसने फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव टांडा सातन के भी कुछ लोगों के खेत ले रखे थे। गुरुवार को आलू की खोदाई कराने के लिए बाइक से आया था, लेकिन मौसम अधिक खराब होने से वह खोदाई नहीं हो सकी।
शाम करीब पांच बजे वह परिजनों से फोन पर बात करने के बाद शाम करीब छह बजे बाइक से घर के लिए निकला। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर गाजीखेड़ा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर चिलवल के पेड़ से टकरा गई। वह बाइक सहित सड़क किनारे झाड़ी में चला गया। कोहरा और ठंड अधिक होने से किसी की नजर नहीं पड़ी इससे रातभर वहीं पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह लोगों ने देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके मोबाइल व अन्य कागजात की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। लंबुई गांव निवासी दोस्त दीपक भी पहुंचा और शव की पहचान करने के बाद परिजनों को जानकारी दी।
मृतक के बड़े भाई अमित ने बताया कि रात आठ बजे तक बात हुई। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। भाई के मुताबिक टांडा सातन गांव में करीब दस बीघा आलू बुआई कराई थी। बताया कि सुमित का अभी विवाह नहीं हुआ था। वह तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। सुमित की मौत से मां रानी और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि मृतक के भाई की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।