गंजमुरादाबाद। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में गुणवत्ताविहीन नाश्ता और भोजन देने से छात्राओं के बीमार होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार शाम बीईओ ने स्कूल पहुंच जांच की। छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षिकाओं के बयान दर्ज किए। आख्या बीएसए को भेजी है।
सुप्पापुर गांव निवासी लालता प्रसाद का 24 सितंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाया था। बताया कि उनकी दो बेटियां इसी स्कूल में पढ़ती हैं। छात्राओं को गुणवत्ताविहीन नाश्ता और भोजन दिया जाता है। इससे आए दिन छात्राएं बीमार पड़ जाती हैं।
उनका उपचार भी सही से नहीं होता। इस मामले की खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। बीएसए के निर्देश पर शनिवार देर शाम बीईओ विमल प्रकाश श्रीवास्तव विद्यालय पहुंचे और जांच की। छात्राओं के साथ ही उनके अभिभावकों और स्कूल स्टाफ के बयान दर्ज किए। बीईओ ने बताया कि जांच आख्या बीएसए को भेजी जाएगी।