गंजमुरादाबाद(उन्नाव)। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत महमदाबाद-कलवारी मार्ग पर मधुमक्खियों ने 28 लोगों को घायल कर दिया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत महमदाबाद कलवारी मार्ग पर शारदा नहर के कुछ दूरी पर एक पेड़ पर लंबे समय से मधुमक्खियों ने अपना छत्ता बना रखा है। रविवार शाम किन्हीं असामाजिक तत्वों ने पेड़ पर लगे उस छत्ते पर पत्थर मार दिया। जिससे मधुमक्खियों ने राहगीरों पर हमला बोल दिया। इनका झुंड देखते ही देखते करीब एक किमी तक दायरे में फैल गया। जो भी वहां से गुजरा उसे मधुमक्खियों का कोपभाजन बनना पड़ा। उनके हमले से रामबेटी, सियाराम, लड़ैते, देवीदीन, रमेश कुमार, सुहैल, बबली, सोनपरी, रामलाल, कासिम, छोटेलाल, भारत व प्रवीण कुमार सहित कुल 28 लोग घायल हो गए। जिन्हें आसपास के प्राइवेट अस्पतालों में फ ौरी तौर पर भर्ती कराया गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने किसी प्रकार धुआं आदि करके मधुमक्खियों को भगाया। इस बीच महमदाबाद-कलवारी मार्ग करीब दो घंटे तक जाम रहा।