सोनिक। शिवनगर मोहल्ले में रहने वाले ऑटो चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने करंट से मौत की बात कही। जबकि भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
मूल रूप से आसीवन थानाक्षेत्र के खैराबाद निवासी देवेंद्र बाजपेई (35) पुत्र करुणाशंकर एक साल से दही थानाक्षेत्र के मोहल्ला शिव नगर में मकान बनवाकर पत्नी और बच्चे के साथ रह रहे थे। वह ऑटो चलाते थे। शुक्रवार दोपहर उन्हें अचेत अवस्था में पत्नी जिला अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर भाई आशीष और अन्य परिजन भी आ गए।
पत्नी शोभा ने करंट से मौत की बात बताई, जबकि भाई आशीष ने हत्या का आरोप लगाया। बताया कि राजन की शादी सफीपुर कोतवाली के शकूराबाद निवासी महेश शुक्ला की बेटी शोभा से हुई थी। आशीष ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।