उन्नाव। जिला महिला अस्पताल में सोमवार को एक महिला प्रसव के लिए पहुंची तो उसे दलाल सस्ता और अच्छा इलाज का लालच देकर निजी अस्पताल लेकर जा रहा था। मरीज को वापस जाता देख पैथोलॉजिस्ट ने पूछताछ की तो दलाल और पैथोलॉजिस्ट में नोकझोंक हो गई।
दही थाना क्षेत्र के गांधी गांव निवासी आशिफ की पत्नी निशा (22) को सोमवार को प्रसव पीड़ा हुई। पति उसे एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और प्रसव कक्ष में बैठाया। इस दौरान परिसर में मौजूद कुछ दलाल सक्रिय हो गए। उन्होंने गर्भवती के पति को सुरक्षित और कम रुपये में प्रसव कराने का लालच देकर झांसे में लिया और गर्भवती को लेकर जाने लगे।
पैथोलॉजिस्ट डॉ. तौसीफ की नजर पड़ी तो उन्होंने पूछताछ की। इस पर मरीज को ले जा रहे दलाल और पैथोलॉजिस्ट में नोकझोंक होने लगी। सूचना पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस को आते देख दलाल भाग निकले। पैथोलॉजिस्ट ने बताया कि अभी मौखिक रूप से शिकायत की गई। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से गार्ड की व्यवस्था कराने के लिए पत्र भेजा जाएगा।