प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 800 रुपये बढ़ा दिया है इसके बाद भी कार्यकत्रियां अपना आंदोलन समाप्त करने के मूड में नहीं दिख रही हैं। इसी कारण गुरुवार से उन्होंने फिर झाड़ी शाह बाबा परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंगनबाड़ी संघ की जिला महामंत्री सुधा अवस्थी ने कहा कि उन लोगों ने 18000 रुपये के मानदेय की मांग की है ऐसे में 800 रुपये की सिर्फ बढ़ोत्तरी से उनका भला नहीं होगा। ऐसे में प्रदेश नेतृत्व ने अभी धरना समाप्त करने को नहीं कहा है। इसके अलावा डिप्लोमा इंजीनियर्स लगातार दूसरे दिन अपनी मांगों को लेकर धरने में बैठे रहे। महासंघ जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल ने कहा कि महासंघ पहले भी अपनी मांग कर चुका है सरकार ने विचार करने का आश्वासन दिया था लेकिन उसके बाद भुला दिया। अब इस उपेक्षा के खिलाफ मोर्चा खोला गया है। जब तक सरकार मांग स्वीकार नहीं करती तब तक विरोध प्रदर्शन और हड़ताल जारी रहेगी।