प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि स्कैम (एस से सपा, सी से कांग्रेस, ए से अखिलेश और एम से मायावती) से प्रदेश को बचाना है। सीएम ने इस पर चुटकी ली। कहा कि उनके पास (बीजेपी) कोई काम बताने लायक नहीं है। आज तक कोई बड़ा काम नहीं किया। विकास केवल समाजवादियों ने ही किया है। उनके मुकाबले में कोई नहीं है। पीएम व बीजेपी के लोग कह रहे हैं कि मोबाइल से भुगतान करो, लेकिन अभी भी अधिकांश लोग कैशलेस के बारे में जानते तक नहीं हैं। युवा केवल मोबाइल पर गाने सुनना ही सीख पाए हैं। मोबाइल से भुगतान की जानकारी न युवाओं को है और ना ही वृद्धों को। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि उनके लोग बताएं कि खातों में कितना कालाधन है। सीएम ने अपने भाषण में सिर्फ दो मिनट के लिए बसपा पर हमला बोला और उसे पत्थर वाली सरकार बताया। लोगों को आगाह किया कि हाथी को घर में घुमाया तो वह सब तोड़ देगा। बसपा सरकार ने सारा पैसा केवल पत्थरों के हाथी खड़े करने में खर्च किया। लखनऊ में नौ साल से हाथी सिर्फ और सिर्फ खड़े ही हैं, इसलिए इस चुनाव में पत्थर वाली सरकार से सावधान रहना है। उन्होंने कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने पर सफाई दी। कहा कि बड़े दिल से समाजवादियों ने कांग्रेस को इतनी सीटें दी हैं। यह मजबूत दोस्ती दिखाने के लिए है। भाषण के दौरान सीएम ने दोबारा सरकार बनने पर एक लाख पुलिस जवानों की भर्ती, इंटर पास करते ही स्किल डेवलपमेंट के लिए अलग-अलग ट्रेड प्रशिक्षण। एक करोड़ बुजुर्गों को पेंशन, महिलाओं को प्रेशर कुकर समेत चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादे दोहराए। उन्होंने जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताकर सूबे में फिर सपा सरकार बनाने की अपील की।