उन्नाव। अहमदाबाद से गोरखपुर के लिए रविवार को समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रायल में यात्रियों की संख्या व अन्य बिंदुओं के आधार पर ट्रेन को प्रत्येक सप्ताह चलाया जाएगा। ट्रेन उन्नाव जंक्शन पर भी रुकेगी।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से आज रविवार को समर स्पेशल ट्रेन का ट्रायल होगा। यह ट्रेन रविवार को अहमदाबाद से चलेगी। सोमवार दोपहर दो बजे उन्नाव जंक्शन पहुंचेगी, तीन बजे लखनऊ, 3:40 बजे बाराबंकी और रात नौ बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन के चलने से गोरखपुर या रूट के अन्य स्टेशनों तक की यात्रा करने वालों को आसानी होगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि समर स्पेशल ट्रेन एक दिन के लिए रविवार को अहमदाबाद से गोरखपुर जाएगी। उन्नाव जंक्शन पर दो मिनट ट्रेन का ठहराव किया गया है। ट्रायल में सफल होने पर सप्ताह में एक दिन चलाई जाएगी।