पाटन। बीघापुर तहसील मुख्यालय के गेट पर बाइक मोड़ते समय हुई भिड़ंत में दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर चेन और रुपये लूटने का आरोप लगाया।
बिहार थानाक्षेत्र के चिकंदरपुर गांव निवासी पत्रकार जितेंद्र सिंह की ओर से पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार सुबह वह बाइक से भांजे के साथ दवा लेने कस्बा पाटन जा रहा था। तहसील बीघापुर मुख्यालय पाटन गेट पर बाइक मोड़ते समय अधिवक्ता रणविजय सिंह की बाइक से उसकी बाइक टकरा गई।
इसके बाद अधिवक्ता सहित चार पांच अन्य लोगों ने उसे तहसील परिसर में खींचकर मारपीट की। जीतेंद्र ने चेन और रुपये लूटने का आरोप लगाया। अधिवक्ता रणविजय सिंह की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि दुर्घटना के समय अज्ञात नाबालिग द्वारा बाइक चलाए जाने व जितेंद्र सिंह पर अनुसूचित वर्ग के अधिवक्ता के अलावा अन्य अधिवक्ताओं के साथ गाली गलौज तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।