उन्नाव। रविवार का दिन इस गर्मी का सबसे गर्म दिन रहा। सुबह से ही आसमान से बरसती आग व लू के थपेड़ाें ने सभी को बेहाल कर दिया। छुट्टी के दिन बीच बढ़ती तपिश में लोगों ने घर के भीतर रहना ही मुनासिब समझा। जिसकी वजह से सुबह दस बजे के बाद से शहर की सड़कों पर सन्नाटा रहा। मजबूरी में किसी काम से निकलने वाले लोग भी लू के थपेड़ों से बचाव के लिए चेहरे को अंगोछे से ढंके हुए थे। बैशाख के शुरुआत में ही पारा 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। हालांकि शाम के समय शहर में सामान्य दिनों की तरह ही रौनक रही। शीतल पेय और मौसमी फलों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही। रविवार को सुबह से ही आसमान से आग बरस रही थी। चिलचिलाती धूप दोपहर होते-होते बदन झुलसाने लगी। हवा के झोंके लपटों में तब्दील हो गए। हालत यह रही कि 41 डिग्री तक चढ़े तापमान ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया। इसी का नतीजा रहा कि पूरे दिन व्यस्त रहने वाले मुख्य मार्गों और भीड़ से खचाखच रहने वाले सदर बाजार मे दोपहर को सन्नाटा पसर गया जो शाम को सूरज ढलने के बाद ही दूर हो पाया। जरूरी काम से घरो से बाहर निकले लोग धूप और गरमी से बचाव का हर इंतजाम किए नजर आए।