नवाबगंज(उन्नाव)। प्रमुख सचिव विकलांग कल्याण विभाग बुधवार शाम डीएम विजय किरन आनंद और सीडीओ हेमंत द्विवेदी के साथ नवाबगंज सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले स्वास्थ्य केंद्र के वार्डों का निरीक्षण किया। वार्ड में उन्होंने मरीजों से बात की। साथ ही उनसे उनकी समस्याएं पूछी। मरीजों से नोडल अधिकारी ने पूछा कि उन्हें उपचार मिलने में कोई समस्या तो नहीं आती है। साथ ही दवा बाहर से तो नहीं लिखी जा रही है। इस पर उन्हें मरीजों की ओर से संतोषजनक जवाब मिला। स्वास्थ्य सेवाओं की भी जांच पड़ताल नोडल अधिकारी ने की। नोडल अधिकारी ने बताया कि 2007 में मातृ मृत्युदर का आंकड़ा 275 से ऊपर था जो अब घटकर 220 पहुंच गया है। नोडल अधिकारी ने एचआईवी वायरस से पीड़ित मरीजों की भी जानकारी की। उन्हें बताया गया कि इस वर्ष 2500 से अधिक मरीजों ने जिला मुख्यालय पर पहुंच जांच कराई है। इसमें 25 मरीज एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। नोडल अधिकारी के निरीक्षण से पहले पहुंचे सीएमओ डॉ. डीपी मिश्रा से स्वास्थ्य केंद्र में फैली गंदगी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।