अचलगंज (उन्नाव)। थानाक्षेत्र के बेहटा नथई गांव में एक युवक की शराब पीने के बाद मौत हो गई। युवक के परिजनों ने शराब में जहरीली पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है। अचलगंज थानाक्षेत्र के बेहटा नथई में रहने वाला ज्ञानेंद्र (30) पुत्र बृजमोहन सिंह सोमवार सुबह घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा। इस बीच कुछ ग्रामीण नशे की हालत में ज्ञानेंद्र को लेकर घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ज्ञानेंद्र गांव के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा था। ज्ञानेंद्र की हालत खराब देखकर परिजन उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्ञानेंद्र के परिजनों ने बताया कि उसे शराब में जहर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब में जहर देकर उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस को तहरीर नहीं दी है।