पुरवा/हिलौली। पुरवा और हिलौली ब्लॉक परिसर में एसआईएस लिमिटेड ने गुरुवार को रोजगार मेला लगाया। इसमें पुरवा से 24 और हिलौली से 10 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज लिमिटेड ने सुपरवाइजर और सुरक्षा सैनिकों की भर्ती के लिए रोजगार मेले में पुरवा से 50 और हिलौली से 21 युवाओं ने प्रतिभाग किया। मेले में आए कंपनी के अधिकारियों ने प्रतिभागियों की शैक्षिक योग्यता, शारीरिक दक्षता और साक्षात्कार के बाद 34 प्रतिभागियों को सुरक्षा सैनिक के पद पर चयनित किया। कंपनी कमांडेंट करुणाकर त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा सैनिक पद के लिए लंबाई 168 सेंटीमीटर, सीना 80-85 सेंटीमीटर, उम्र 21 से 37 वर्ष, वजन 56 से 90 किलो और हाईस्कूल उत्तीर्ण होना जरूरी है।
वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए इंटर होना अनिवार्य है। 50 प्रतिभागियों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद शारीरिक दक्षता जांची गई। पुरवा में तीन और हिलौली से पांच अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता के मानक पूरे न होने पर बाहर हो गए। इसके बाद 63 प्रतिभागियों का साक्षात्कार किया गया। इसमें उपयुक्त पाए जाने पर 34 को चयनित किया गया। भर्ती अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि चयनित युवाओं को लखनऊ में एक माह के प्रशिक्षण के बाद नौकरी पर तैनात किया जाएगा।
मोहल्ला टेढी हटिया निवासी आनंद ने बताया कि वह स्नातक उत्तीर्ण हैं। देशसेवा के लिए सेना में जाना चाहते थे लेकिन जन्मतिथि अधिक होने से आवेदन नहीं कर पाए। नौकरी के जरिए मिलने वाले वेतन से वह परिवार का खर्च वहन कर पाएंगे।
क्षेत्र के दरेहटा गांव निवासी गोकुल प्रसाद ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती के लिए आवेदन किया था लेकिन परीक्षा देने नही जा सके। लंबे समय से नौकरी न मिलने से परिवार पर आश्रित थे। नौकरी मिलने पर अपना खर्च वहन कर सकेंगे।